पुलिस के हत्थे चढ़े गैंग ने हजारों कार्ड बनाए
- फोटो : PTI
हरीपर्वत थाना पुलिस के हत्थे चढ़े जालसाजों के गिरोह ने शहर में हजारों फर्जी आधार कार्ड बनाए हैं। पुलिस पूछताछ में इस गिरोह ने बताया कि वह एक कार्ड बनाने के 800 रुपये लेते थे। ऐसे फर्जी आधार कार्ड बैंक खातों और जमीन के बैनामों में ज्यादा लगाए गए हैं। अगर इनकी जांच पड़ताल हुई तो इन्हें बनवाने वाले लोग भी फंस जाएंगे।
बता दें, हरीपर्वत थाना पुुलिस ने ट्रांस यमुना के देवेंद्र कुमार, टेढ़ी बगिया के शोम मोहम्मद, शमसाबाद के गढ़पुरा के मिथुन को गिरफ्तार किया था। इनके पास से आधार कार्ड बनाने का सामान बरामद किया गया। यह हाथरस रोड पर मनी फोटो स्टेट नाम से दुकान चला रहे थे। यहीं पर फर्जी आधार कार्ड बना रहे थे। इंस्पेक्टर हरीपर्वत ने ने बताया कि इस गिरोह ने हजारों कार्ड बनाए हैं। आधार के अलावा पेन कार्ड भी बना रहे थे। इनके पास से पेन कार्ड के 34 आवेदन फार्म, आधार कार्ड बनवाने के लिए काटी गई 300 रसीदें मिली हैं। गिरोह ने लोगों को झांसे में लेने के लिए लैपटॉप, प्रिंटर, थंब इंप्रेशन, वेब कैमरा लगा रखे थे। जबकि सभी आधार कार्ड फर्जी बनाए जा रहे थे। इन लोगों ने असली आधार कार्ड स्कैन कर रखे थे। उन पर ही नाम और फोटो बदलकर फर्जी तैयार कर देते थे।
इटावा तक के लोगों ने कार्ड बनवाए
इनके पास मिले फर्जी आधार कार्ड में एक पर इटावा का पता है। यह इटावा के राम नगर की फ्रेंड कालोनी के अजब सिंह का है। इसके अतिरिक्त आगरा के मोहल्ला घटिया के अवनीश कुमार शर्मा, टेढ़ी बगिया के शान मोहम्मद का है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में इतनी दूर से लोग कार्ड बनवाने के लिए इस गिरोह के पास क्यों आ रहे थे।