आगरा के सदर क्षेत्र के गांव नगला लालजीत निवासी नरेश कुमार सिंह ( 21) और भारती कुशवाहा (20) की हत्या झूठी शान के लिए की गई थी। धौलपुर पुलिस ने खुलासा किया है कि यह ऑनर किलिंग भारती कुशवाहा के परिवार ने की। उसके पिता और जीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों ने अपना गुनाह कुबूल भी कर लिया है।
दोनों के शव रविवार सुबह धौलपुर (राजस्थान) के मनिया इलाके के बोथपुर गांव में खेत में पड़े मिले थे। नरेश का गला साफी से घोटा गया था। भारती को उसके शॉल से गला घोटकर मारा गया था। दोनों के शव की शनाख्त होते ही पुलिस को सुराग मिल गए थे। इसी आधार पर दोनों के परिवारीजन हिरासत में ले लिए गए थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की रात भर चली पूछताछ में लड़की पक्ष ने गुनाह कुबूल कर लिया। पुलिस अब लड़की के पिता गिरिराज कुशवाहा और उसके दामाद से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों का तो यहां तक दावा है कि इन दोनों ने ही खून किया है। पुलिस की जांच में पाया गया है कि नरेश और भारती एक दूसरे से लगभग एक साल से प्यार करते थे। नरेश ठाकुर बिरादरी से था और भारती कुशवाहा से। भारती का परिवार उसकी दूसरी जाति में शादी के लिए राजी नहीं था। नरेश के परिवार ने भी उससे कह दिया था कि चाहे कुछ भी हो जाए, उसकी शादी भारती से नहीं हो सकती है।
इसके बाद भी जब दोनों नहीं माने तो युवती के परिवार ने दोनों की हत्या का प्लान बना लिया। पुलिस अब यह मालूम करने में लगी है कि लड़के पक्ष के लोग भी कत्ल या साजिश में साथ रहे या नहीं। धौलपुर के एसपी राजेश सिंह ने बताया कि प्रेमी युगल की हत्या में लड़की के परिवार का हाथ पाया गया है। जांच अभी चल रही है। जल्द ही पूरी खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, सोमवार दोपहर दोनों के शव गांव लाए गए। यहां पुलिस सुरक्षा के बीच एक ही खेत में दोनों की अलग अलग चिता बनाकर दाह संस्कार कर दिया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई कातिलों की कार
आगरा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि धौलपुर पुलिस ने आगरा केरोहटा रोड से लेकर मौका ए वारदात तक के बीच कई जगह सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। इसमें एक जगह वह कार नजर आ रही है, जिसमें प्रेमी युगल को ले जाया गया। इसमें कुछ चेहरे भी धुंधले से नजर आ रहे हैं।