विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत एदमादपुर अजनेरा में शुक्रवार रात प्रधान पद के प्रत्याशी अवधेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट ने चुनाव अधिकारियों को दी। इस पर चुनाव स्थगित कर दिया गया। सुबह गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। घटना के संबंध में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम एदमादुपर अजनेरा निवासी अवधेश कुमार (35) पुत्र राजवीर सिंह को शुक्रवार रात किसी ने फोन करके मढ़ैया नक्टा पर बुलाया। अवधेश जब अपनी बाइक से रात लगभग 12 बजे बताई गई जगह पर पहुंचे तभी पीछे से आई बोलेरोे में सवार युवकों ने उन पर गोलियां चला दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौडे़ तो उन्हें देख बोलेरो सवार भाग निकले। सेक्टर मजिस्ट्रेट एमआर बंसल ने चुनाव अधिकारियों को घटना सूचना दी। इसके बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया। वहीं, पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अवधेश के पिता राजवीर सिंह ने गांव के ही प्रधान पद के दूसरे प्रत्याशी मुन्नालाल पक्ष के त्रिवेद्रम, मुन्नालाल, भूरा पुत्र अर्जुन, मुसब्बर, धनवान सिंह, राकेश, विजयपाल, हरेंद्र, प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि अवधेश को वोटरों से बातचीत करने के बहाने घर से बुलाया गया था। अवधेश के चार बच्चे हैं। सबसे छोटा बच्चा एक साल का है।