पिनाहट के एक गांव में प्रेमी युगल के खिलाफ गांव में हुई पंचायत के दौरान पंचों ने अजीबोगरीब फरमान सुनाया है। इसे लेकर प्रेमी-प्रेमिका और उनके परिवारीजन खासे परेशान हैं। वहीं, पंचायत के फैसले के बारे में कोई भी ग्रामीण बोलने को तैयार नहीं है। ग्राम प्रधान और पुलिस ने घटना की जानकारी होने से ही इनकार किया है।
दरअसल, गांव में अलग-अलग जाति के युवक और युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। कुछ दिन पहले युवती के गर्भवती होने की जानकारी पर उसके परिवारीजनों ने युवक के परिवारीजनों पर दबाव बनाया। इसे लेकर तीन दिन पहले गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में पंचों ने प्रेमी और प्रेमिका के परिवारों को संबंध तोड़ने और अलग-अलग रहने की हिदायत दी। इसके साथ ही युवती को गर्भपात करकर उसके प्रेमी को भूल जाने का फरमान सुनाया। पंचायत के बाद दोनों के ही परिवारीजन खासे परेशान हैं। लोक लाज के डर से इस मामले में पुलिस को भी जानकारी नहीं दी गई लेकिन पंचायत का यह फरमान धीरे-धीरे हर किसी की जानकारी में पहुंच गया। गांव में स्थिति यह है कि कोई भी व्यक्ति इस मामले में बोलने को तैयार नहीं है। इस संबंध में जब ग्राम प्रधान से बात की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है। वहीं, पुलिस ने भी मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है।