एत्मादपुर कसबा से चार महीने पहले घर से लापता हुई बीए की छात्रा बरामद हो गई। उसे घर से पांच लोगों ने अगवा किया। उसके साथ गैंग रेप किया गया। परिवारीजनों ने आठ लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
घटना 16 मई की है। छात्रा घर की छत पर मां-बाप के पास सो रही थी। तभी उसे अगवा कर लिया गया। परिवारीजनों ने 19 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई। तब से उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को छात्रा के कालिंदी विहार में एक मकान में कैद होने की जानकारी पर परिवारीजन पहुंच गए। छात्र को बरामद कर लिया।
परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को नजदीक के गांव के रिश्तेदार अगवा कर ले गए थे। उसे फीरोजाबाद में एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया। यहां छह लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर हाथ की नस काट दी। नींद की गोली भी खिलाई। कुछ दिन बाद एक युवक गाजियाबाद स्थित गोकुलधाम सोसाएटी निवासी अपने मित्र अनुज के यहां ले गया। वहां भी दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। बाद में युवक उसे कालिंदी विहार में ले आया।
उसका यौन शोषण करता रहा। वहां पर किराये के मकान में बंधक बना लिया। उसने किसी तरह मकान मालिक को घटना की जानकारी दी। उसकी मदद से घरवालों को फोन किया। पुलिस ने पीड़िता के पिता के तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़ित आपस में रिश्तेदार हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
महिला से छेड़छाड़
कसबा के एक गांव में घर में अकेली महिला के साथ पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ कर दी। महिला के शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता के घरवालों ने मुकदमा दर्ज कराया है।