राजामंडी बाजार में कपड़ा व्यापारी सुशील जैसवानी हत्याकांड में पुलिस ने फरार हत्यारोपियों पर शिकंजा कस दिया है। मुकदमे में बल्काबस्ती के हिस्ट्रीशीटर बंटी वर्मा को भी नामजद किया है। बंटी, छोटू, विनोद और मीरा देवी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जेल में बंद प्रांजल को इटावा और प्रवीन व चेतन को एटा जेल में ट्रांसफर करने को जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। चौथ वसूली को बंद कराने के लिए राजामंडी में अब फड़ों को बंद कराया जाएगा। कोई भी दुुकानदार अपनी दुकान के आगे फड़ नहीं लगवा सकेगा।
बता दें, आलोक नगर, जयपुर हाउस निवासी सुशील जैसवानी की बदमाशों ने 12 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके साथ भाई मनोज को भी गोली मारी थी, उनका इलाज चल रहा है। हत्याकांड के पीछे जेल में बंद हेमनदास के हत्यारोपियों की साजिश सामने आई थी। इस मामले में प्रांजल के मौसा विनोद, मौसेरे भाई छोटू, प्रांजल की मां मीरा देवी, सूरज, मोनू वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। हेमनदास हत्याकांड में प्रांजल, प्रवीन, चेतन जेल में बंद तीनों भाइयों को भी नामजद किया गया था।
पुलिस की विवेचना में बल्काबस्ती के हिस्ट्रीशीटर बंटी वर्मा और बरहन के रविंद्र यादव के नाम भी प्रकाश में आए। पुलिस ने बंटी को भी हत्या में नामजद कर दिया, लेकिन वो फरार हो गया। हत्याकांड में पुलिस केवल सूरज को ही गिरफ्तार कर सकी है। मोनू समर्पण करके जेल चला गया था। एसएसपी राजेश डी. मोड़क ने चारों फरार हत्यारोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी तलाश में तीन टीमें दबिश दे रही हैं।
राजामंडी में अब नहीं लगेंगे फड़
राजामंडी बाजार में अब कोई दुकानदार फड़ नहीं लगवा सकेगा। चौथ वसूली के पीछे सामने आया था कि आपराधिक तत्व इन फड़वालों से वसूली करते थे। फड़ लगवाने और उन्हें हटाने को लेकर ही बाजार में झगड़े होते थे। इसके चलते पुलिस ने अब फड़ लगाने पर रोक लगा दी है। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि राखी के लिए भी फड़वाले उनके पास आए थे, लेकिन इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही राजामंडी में स्थित तांगा स्टैंड पर चौबीस घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने बाजार में एनाउंस कराया कि फड़ हटा लें वरना पुलिस हटवा देगी।
सुशील की दुकान खोली, कारतूस मिला
हत्याकांड के बाद गुरुवार को सीओ लोहामंडी राजेंद्र यादव, इंस्पेक्टर सत्यपाल यादव की मौजूदगी में मृतक के भाई हरीश ने दुकान खोली। दुकान में खून के निशान थे। पुलिस ने 315 बोर का एक कारतूस भी बरामद किया। हरीश ने कहा कि जब तक पुलिस चौकी नहीं बनेगी वे दुकान नहीं खोलेंगे।
एसपी सिटी ने किया रूट मार्च
व्यापारियों को सुरक्षा का अहसास दिलाने के लिए एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार की शाम को राजामंडी बाजार में रूट मार्च निकाला। एसपी सिटी के साथ सीओ लोहामंडी राजेंद्र यादव, इंस्पेक्टर लोहामंडी और सर्किल की फोर्स थी। अधिकारियों ने बाजार में व्यापारियों से बातचीत की। कई बाइक सवारों को चेक किया। कई लोगों का चालान भी काटा। आवारागर्दी करने वालाें को हिरासत में लिया।
हत्यारोपी की जमानत खारिज
आगरा। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संध्या चौधरी ने सुशील जैसवानी हत्या के मामले में आरोपी मंसा देवी गली निवासी सूरज वर्मा की जमानत खारिज कर दी। बता दें, मुकदमे में नामजद सूरज को थाना लोहामंडी पुलिस ने 17 अगस्त को जेल भेजा था। गुरुवार को उसके अधिवक्ता ने सीजेएम कोर्ट में जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया, जिसे न्यायाधीश ने खारिज कर दिया।
मेरा सूरज से वास्ता नहीं: प्रेमा
राजामंडी वार्ड की पार्षद प्रेमा वर्मा का कहना है कि आरोपी सूरज वर्मा का नाम अनावश्यक रूप से मेरे साथ जोड़ा जा रहा है। सूरज का परिवार पिछले 30 साल से अलग रहता है। चौका-चूल्हा और व्यापार भी अलग-अलग हैं। ऐसे में उनका नाम सूरज से जोड़ना ठीक नहीं है। इसके पीछे कुछ लोगों की साजिश है। मैंने स्वयं इस घटना की निंदा की है।