आगरा की युवती से ओमान में रह रहे बिजनौर के युवक ने फेसबुक पर दोस्ती कर ली। इसके बाद युवती को अपने प्यार के नाटक में फंसा लिया। युवक निकाह का वादा करने लगा। इस पर युवती भी उसके साथ निकाह करने को तैयार हो गई।
युवती के परिजनों ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि युवक शादीशुदा है। वह फेसबुक पर कई और युवतियों से झूठ बोलकर बात कर रहा था। पीड़ित युवती ने युवक को फेसबुक पर ब्लॉक कर दिया। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
थाना रकाबगंज क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती की दोस्ती लॉकडाउन के दौरान फेसबुक के माध्यम से खलील नामक युवक से हुई थी। खलील ने खुद को बिजनौर का रहने वाला बताया। कहा कि वह ओमान की राजधानी मस्कट में रह रहा है। एक कंपनी में काम करता है।