फिरोजाबाद पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करने वाला आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में क्राइम ब्रांच एवं थाना उत्तर पुलिस ने शनिवार शाम को न्यू रामगढ़ की पुलिया से मादक पदार्थ की तस्करी और सट्टे का काम करने वाले तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 2.5 करोड़ की हेरोइन और पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी थाना रसूलपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आए युवक का नाम जाबिर नाई है। वह गली नं. छह गालिब नगर (थाना रसूलपुर) का रहने वाला है। जाबिर नाई पिछले 30 वर्षों से शहर में नशे का कारोबार कर रहा था। लॉकडाउन के बाद वह हरियाणा के पानीपत और करनाल से मादक पदार्थ लाकर शहर में आपूर्ति करता था। इससे पहले वह बरेली और शाहजहांपुर से भी मादक पदार्थ लाता था। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने रविवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस टीम काफी समय से शहर में नशे का कारोबार करने वाले रैकेट के खुलासे में लगी थी। शनिवार शाम को सूचना मिली कि मादक पदार्थों की तस्करी करने का मुख्य अभियुक्त रेहना रोड से होकर निकलेगा। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह के निर्देशन में न्यू रामगढ़ की पुलिया के पास से एक व्यक्ति को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने नाम थाना रसूलपुर गली नंबर छह गालिब नगर निवासी मोहम्मद जाबिर नाई पुत्र महबूब खान बताया। तलाशी में उसके पास से एक पिट्ठू बैग में पांच सौ ग्राम हेरोइन (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ढाई करोड़ रुपये) और पांच किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 50 हजार रुपये) बरामद किया।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया है। जो हरियाणा से माल लाने में चार लोग उसकी मदद करते थे। वहीं सात लोग शहर में सप्लाई करने का काम करते थे। उसने बताया कि उसका 90 प्रतिशत कारोबार थाना उत्तर, दक्षिण, रसूलपुर और रामगढ़ थाना क्षेत्र में है।
कुछ सफेदपोश और पुलिसकर्मी भी शामिल
एसएसपी ने बताया मादक पदार्थ की सप्लाई करने में छह पुलिसकर्मी भी उसका साथ देते थे। दबिश पड़ने की जानकारी पुलिसकर्मी आरोपी को पहले ही दे देते थे। इसके साथ ही तीन पत्रकार हैं, जो मोबाइल से वीडियो बनाकर ठगी करते हैं। इसके साथ ही तीन सफेदपोश उसकी पैरवी करते थे।
अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की जाएगी जब्त
एसएसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले जाबिर नाई की अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस नेटवर्क को ध्वस्त करने को पांच टीमें लगाई है।