मासूम की मौत के बाद नहीं थम रहे मां के आंसू
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना ताजगंज के गांव दिगनेर में एक निर्दयी पिता ने चार माह के मासूम बेटे को जमीन पर पटक कर मार डाला। इस मामले में आरोपी पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गांव दिगनेर निवासी शिवानी की शादी एक साल पहले मलपुरा के जारुआ कटरा निवासी सुनील से हुई थी। सुनील मजदूरी करता है। 10 अप्रैल को शिवानी के भाई की मौत हो गई थी। इस पर शिवानी अपने गांव आई थी। उसके साथ चार महीने का बेटा अनमोल भी था।
शुक्रवार को सुनील ने शिवानी से घर चलने के लिए कहा, लेकिन शिवानी ने तेरहवीं होने के बाद ही ले जाने की बात कही। शनिवार को सुनील ने फिर से उससे चलने के लिए कहा। मगर, शिवानी ने जाने से मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा।