मैनपुरी में थाना बेवर क्षेत्र के गांव रवारेमऊ का एक परिवार दबंगों के खौफ से गांव से पलायन कर गया। घरेलू सामान और पशु आदि लादकर एसपी कार्यालय पहुंच गया। आरोप लगाया कि आरोपी ने जनवरी में पिता की हत्या कर दी थी। अब वह परिवार के लोगों की हत्या की धमकी दे रहा है।
मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद सीओ ने परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं थानाध्यक्ष को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए। उसके बाद भी आरोपी धमकी दे रहा है।
गांव रवारेमऊ निवासी उर्मिला देवी के पति की हत्या 20 जनवरी 2017 को कर दी गई थी। शव गांव के समीप ही खेत में पड़ा मिला था। रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज हुई थी। कुछ दिन पूर्व गांव निवासी एक शातिर आरोपी पैरोल पर गांव आया। उसने परिवार को धमकी देते हुए कहा कि तेरे पिता की हत्या मैंने ही की है। तुम लोगों की भी हत्या कर दूंगा।
परिवारीजनों के मुताबिक आरोपी ने अपने चाचा की हत्या की थी। आगरा में उस पर 85 लाख लूट का मामला दर्ज है। नवंबर में घर में बेटी की शादी है। आरोपी कुछ भी कर सकता है इसी वजह से सोमवार को उन्होंने परिवार के 16 सदस्यों सहित गांव से पलायन किया है। उर्मिला देवी व उनके बेटों ने बताया कि आरोपी ने हत्या किए जाने की धमकी दी है।
जिससे भयभीत होकर उन्होंने परिवार सहित गांव छोड़ दिया। सीओ सिटी राजेश चौधरी ने परिवारीजनों से बात कर परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया। उन्हें गांव में घर पर बेखौफ होकर रहने की बात कही। सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी भी दिए हैं।