हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने गुरुवार को लोहामंडी के एक युवक के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें आरोप है कि उसने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान की जीत के बाद फेसबुक पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा पोस्ट किया। उसने भारत माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे हिरासत में ले लिया है। उसका कहना है कि उसने नारा पोस्ट नहीं किया बल्कि गलती से किसी और का कमेंट उससे शेयर हो गया था।
लोहामंडी थाना पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को दे दी है। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री अरविंद राणा की ओर से तहरीर दी गई है। इसमें आरोप है कि युवक लोहामंडी के सिर की मंडी का रहने वाला है। मोबाइल रिपेयर का काम करता है। वह पहले भी भारत माता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुका है। इसके अलावा उसने गाय पर भी गलत टिप्पणी की है।
उसने वी लव पाकिस्तान और वी लव पाकिस्तान टीम भी पोस्ट किया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अमित चौधरी, महानगर अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह, विभाग संयोजक राजू बाबू सिंह, विवेक शुक्ला, राजेश वर्मा, मनोज चौहान भी मौजूद रहे। पुलिस ने इस तहरीर पर युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
युवक की इस पोस्ट पर लोगों ने जवाब भी खूब दिए हैं। एक ने लिखा है, पाकिस्तान मुर्दाबाद था, मुर्दाबाद है, मुर्दाबाद रहेगा, भारत माता की जय। आरोप है कि इसके जवाब में दिए कमेंट में ही उसने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह इस मामले की जांच के लिए थाना लोहामंडी गए। उन्होंने युवक से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जांच अभी जारी है। इस मामले में क्या कार्रवाई होनी चाहिए, इसके लिए विधिक राय ली जा रही है।