आगरा के बल्केश्वर निवासी चांदी कारोबारी के मुनीम से एनएच-2 पर बुढ़िया के ताल के पास मंगलवार शाम रोडवेज बस में 80 किलो चांदी ( कीमत लगभग 15 लाख ) लूट ली गई। वारदात के लिए दो बदमाश बस में सवारी बनकर बैठे थे।चार बस के साथ दो बाइकों पर चल रहे थे।
बदमाशों ने ड्राइवर, कंडक्टर और मुनीम को तमंचे दिखाकर बस रुकवाई और फिर इत्मिनान से चांदी से भरे बैग लूट लिए। इसके बाद बाइकों से आगरा की ओर भाग गए।
मथुरा डिपो की बस आगरा से सनाली बोर्डर जा रही थी। कारोबारी का मुनीम कमला नगर से बस में सवार हुआ था। उसके पास दो प्लास्टिक बैग में 80 किलो चांदी थी। इसे गोरखपुर में कारोबारी को देने जा रहा था।
उसने बताया कि कमला नगर से ही दो अन्य लोग बस में बैठे थे। बुढ़िया के ताल पर बस के पहुंचने पर उन्होंने तमंचे निकाल लिए। मुनीम ने बताया कि बदमाशों ने उस पर और उसके पास बैठे युवक निवासी दाऊजी पर तमंचे तान दिए। यह देख ड्राइवर ने बस रोक दी। तभी चार बदमाश और आ गए। उन्होंने ड्राइवर, कंडक्टर पर भी तमंचे लगा दिए। इसके बाद बदमाश चांदी की पायल से भरे बैग लूटकर भाग निकले।
रोडवेज बस के परिचालक ने बताया कि कमला नगर से सवार हुए दो बदमाशों में से एक ने गोरखपुर का तथा दूसरे ने मैनपुरी का टिकट लिया था। बदमाशों के जाने के बाद उसने बस के एत्मादपुर नगर पालिका कार्यालय पर सूचना दी। वहां से पुलिस को फोन किया गया। तब पुलिस आई।