धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में छह लोग हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शमसाबाद के मोहल्ला गोपालपुरा स्थित एक घर में बुधवार को धर्म चर्चा कर रहे मिशनरी समाज के आठ लोगों में से छह को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दो लोग मौके से भाग निकले। आरोप है एक हिंदू परिवार का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इस परिवार ने तहरीर दे दी है। इस पर पुलिस जांच कर रही है।
दोपहर लगभग 12 बजे एक गाड़ी से मिशनरी समाज के आठ लोग मोहल्ला गोपालपुरा स्थित विजय कुमार पुत्र दाताराम के घर पर पहुंचे। आरोप है कि वह उन्हें प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने लगे। तभी इसकी जानकारी आरएसएस कार्यकर्ता अंकित सिंह को हुई। इसके बाद आरएसएस और बजरंग दल के कार्यकर्ता विजय कुमार के मकान पर पहुंच गए। इस पर मकान के अंदर मौजूद लोग भागने लगे। उनमें से छह को पकड़ लिया। दो भागने में सफल रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस को पकड़े गए लोगों ने अपने नाम माइकल पुत्र छबिलाल, चंदन सिंह पुत्र सुंदर सिंह, बृजेश पुत्र हरिकिशन, सूरज पुत्र मानसिंह, संजय पुत्र मुन्नू और महेश पुत्र प्रेमस्वरूप बताए। इनमें महेश वेफिस्टन स्कूल में पादरी है। उसका कहना है कि इस परिवार की लड़की रजनी 1997 में मिशनरी से जुड़ी थी। वही यहां बुलाकर लाई थी।
उसने अपने भाई-भाभी से मिलवाया और कहा कि बच्चे के जन्मदिन पर प्रार्थना करानी है। वहीं, बजरंग दल के डिंपी गुप्ता का कहना है कि इस तरह का प्रयास छह माह पहले भी हुआ था। तब यह लोग भाग निकले थे। संबंधित परिवार की ओर घटना की तहरीर थाना शमसाबाद में छह नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ दी गई है। सीओ फतेहाबाद अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज किया जाएगा। हिंदू संगठनों के अशोक लवानियां, सोनू बजरंगी, अंशु गुप्ता, सोनू चौहान, रवि राठौर, प्रमोद जादौन, पदम सिंह, हीरा सिंह, संदीप गुप्ता, वीरेंद्र रघुवंशी, आकाश गुप्ता, वीपी सिंह आदि मौजूद रहे।