मथुरा में सोमवार रात को दो सराफा व्यापारियों की हत्या और चार करोड़ की लूट के मामले का सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने डीजीपी सुलखान सिंह को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इसकी जानकारी सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ट्वीट के माध्यम से दी।
इधर पूरे घटनाक्रम को लेकर मथुरा के व्यापारी आक्रोश में हैं। उन्होंने इस बार आर-पार का एलान किया है। मंगलवार को मृतक विकास के शव के अंतिम संस्कार से पहले व्यापारियों ने इसे होलीगेट पर रखकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। इसके बाद कल 17 मई को मथुरा बंद का एलान कर व्यापारी शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
बता दें कि सोमवार को रात में आठ नकाबपोश बदमाशों ने जिस तरह सरे बाजार सराफा व्यापारी ध्रुव अग्रवाल की दुकान पर गोलियां बरसाकर उनके भाई विकास और दिल्ली के सराफ मेघ अग्रवाल की हत्या और चार करोड़ के सोने की लूट को अंजाम दिया, उससे पूरे मथुरा के व्यापारी दहशत में हैं। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश भी है।
भड़के व्यापारी मंगलवार को विकास की शवयात्रा के दौरान शव को एंबुलेंस से होली गेट पर उतारकर प्रदर्शन करने लगे। यहां करीब दस मिनट तक उन्होंने मथुरा के पुलिस-प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद व्यापारियों ने घटना के विरोध में 17 मई को मथुरा बंद का एलान किया। फिर शव को ध्रुवघाट ले गए।
बदमाशों ने पिस्टल से चलाई थीं गोलियां
सोमवार को चार बाइक पर आए आठ नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल से सराफा व्यापारियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया है। बताया जा रहा है कि मेघ अग्रवाल क ी गर्दन में मारी गई गोली उनके सिर को फाड़ कर निकल गई थी। विकास के कंधे में मारी गई गोली उनके सीने में फंसी मिली। गोली ने सीने की हड्डियां तक तोड़ दी थीं। विकास के शरीर मेें मिली गोली पिस्टल की ही है।