फिरोजाबाद जनपद के थाना उत्तर के मोहल्ला दखल में शादी समारोह के दौरान बालक को गुलाब जामुन नहीं देने पर एक महिला सहित तीन को मारपीट करके घायल कर दिया। घायलों को उपचार को जिला अस्पताल लाए हैं।
आगरा के थाना पिनाहट के छदामीपुरा निवासीस मिथुन पुत्र बनारसी अपनी मां निर्मला देवी के साथ थाना उत्तर के मोहल्ला दखल स्थित रिश्तेदारी में आया था। दावत के दौरान मिथुन गुलाब जामुन परोस रहा था। पास में खड़ा एक बालक रो रहा था।
मिथुन की मानें तो बालक को दो गुलाब जामुन दे दिए थे, लेकिन वहां खड़े युवक ने बालक को गुलाब जामुन नहीं देने के आरोप लगाते हुए गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी।
बचाव को मां निर्मला देवी एवं दूसरी महिला थाना टूंडला के नगला राधेलाल निवासी मीना देवी पहुंची तो उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट की घटना से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। पीड़ित ने घटना के संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।