फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुस्से से तमतमा उठे शहर के व्यापारी

Fri, 14 Aug 2015 01:38 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
व्यापारी नेता दिवंगत हेमनदास जैसवानी के बेटे सुशील उर्फ राजू की हत्या और उसके भाई मनोज को गोली मारने की वारदात से व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा। गुरुवार सुबह राजा मंडी बाजार बंद कराने के बाद व्यापारी सड़क पर उतर आए। राजामंडी चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डेढ़ घंटे तक शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली एमजी रोड बंद रही। एसपी सिटी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। व्यापारियों ने चौबीस घंटे में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि इसके बाद आगरा बंद किया जाएगा।
विज्ञापन

हेमनदास की हत्या के चश्मदीद गवाह उनके बेटे सुशील की बुधवार रात हत्या करके बदमाशों ने राजामंडी के व्यापारियों में दहशत फैला दी। गुरुवार सुबह आगरा व्यापार मंडल के महासचिव गागनदास रमानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष जितेंद्र त्रिलोकानी, शहर अध्यक्ष जीवतराम करीरा, सिंधू चेतना दल के जगदीश जुम्मानी, श्याम भोजवानी, हेमंत भोजवानी समेत कई व्यापारी नेता राजामंडी बाजार पहुंचे। उन्होंने बाजार बंद कराया। इसके बाद व्यापारियों को साथ लेकर साढ़े दस बजे राजामंडी चौराहे पर पहुंच गए। 11:45 बजे व्यापारियों ने चौराहे पर जाम लगा दिया।
पुलिस प्रशासन शर्म करो, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। व्यापारी, सुशील के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहे थे। इसी बीच सीओ लोहामंडी नितिन कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार मुकदमा दर्ज कराने को तैयार नहीं है। इस पर गागनदास रमानी बिफर पड़े। उनका कहना था कि क्या पुलिस एफआईआर के बाद ही कोई काम करती है? क्या अपराधियों को पकड़ने का काम पुलिस का नहीं है?
विज्ञापन

व्यापारियों ने लोहामंडी पुलिस की कोई बात सुनने से इनकार कर दिया। इसी बीच पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो व्यापारी भड़क गए। इसके बाद केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डा. रामशंकर कठेरिया के प्रतिनिधि अनिल चौधरी, शरद चौहान भी मौके पर पहुंच गए। सीओ ने आश्वासन दिया कि एसपी सिटी आ रहे हैं। इसके बाद दोपहर सवा 12 बजे व्यापारियों ने जाम खोल दिया। डेढ़ घंटे तक लाइफ लाइन पर ट्रैफिक थमा रहा। इसके चलते दूर दूर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसीएम पीडी गुप्ता मौके पर पहुंचे। व्यापारी नेताओं का कहना था कि जब तक पीड़ित परिवार को सुरक्षा और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि पीड़ित परिवार के घर पर गार्ड तैनात कर दिए गए हैं। उनका लाइसेंस भी जारी किया जा रहा है। उन्होंने चौबीस घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर हेमनदास के बेटे महेश ने मुकदमा दर्ज कराने पर सहमति जताई। इस मौके पर घनश्याम देवनानी, भजनलाल प्रधान, सुनील कर्मचंदानी समेत अन्य व्यापारी शामिल रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें