मथुरा के बरसाना में धर्मस्थल पर महिला के साथ हुई गैंगरेप की घटना को बरसाना पुलिस तीन दिनों तक दबाए रही। हालांकि तर्क दिया जा रहा है कि महिला थाने गई ही नहीं थी। लोगों का कहना है कि महिला ने उसी दिन थाने पर जाकर घटना की जानकारी दे दी थी। पुलिस इस कोशिश में थी मामला रफादफा हो जाए लेकिन महिला किसी तरह से बरसाना से चली जाए।
पीड़िता का कहना है कि उसने पहले ही घटना की जानकारी दे दी थी। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। जब उसे लगा कि कोई कार्रवाई नहीं होगी तो वह भी खामोश हो गई। वैसे भी यहां उसका कोई अपना तो था नहीं।
वह तो भीख मांगकर अपना पेट पाल रही है। उसे तो भगवान की ही सहारा है। वह तो मान रही थी कि भगवान ही इन दुष्टों को सजा देंगे। पुलिस की तरफ से तो मदद की उम्मीद थी ही नहीं। बताया जाता है कि गुरुवार को जब हल्ला मचा तो पुलिस की नींद टूटी। महिला से पूछताछ की गई।
महिला उड़ीसा की रहने वाली है। उसकी भाषा को कोई समझ नहीं पा रहा था। इशारों से ही उसने अपनी पीड़ा पुलिस के सामने बयां की है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज के बाद सारी स्थिति साफ हो गई थी।
फुटेज में महिला को ले जाते दिख रहे युवक
पुलिस ने जो सीसीटीवी फुटेज बरामद की है उसमें दो युवक महिला को ले जाते दिख रहे हैं। महिला का गला दबाने की भी कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह फुटेज 11 सितंबर का है। रात को करीब दस बजे की घटना है।
एक युवक महिला के पास जाता हुआ दिख रहा है। उसने महिला को कुछ सुंघाया है। जब वह बेहोश हो गई है तो उसे उठाकर थोड़ा सा फासले पर ले गए हैं जहां उसके साथ गैंगरेप किया है। जब महिला को होश आया है तो उसने विरोध भी जताया है।
बलात्कारियों के मुंह पर थूकते नजर आ रही महिला
जो सीसीटीवी फुटेज देखी गई है उसमें महिला दोनों युवकों के मुंह पर थूकते नजर आ रही है। दोनों युवक उसे धमकाते हुए भी दिख रहे हैं। हालांकि आवाज तो साफ नहीं आ रही लेकिन माना जा रहा है कि वह दोनों महिला से कह रहे थे कि अगर किसी से जिक्र किया तो जान से मार दिया जाएगा।
चौकीदार और रसोइये को निकाला
धर्मस्थल के प्रबंधतंत्र ने गैंगरेप की घटना के बाद आरोपी चौकीदार और रसोइये को निकाल दिया है। प्रबंधतंत्र का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ही तत्काल चौकीदार और रसोईये को बाहर कर दिया गया है। बरसाना के रहने वाले दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई गैंगरेप की वारदात के बाद एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने तत्काल बरसाना प्रभारी निरीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि महिला के साथ हुई घटना के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुकद्दमा दर्ज करके डाक्टरी के लिए भेजा गया है।