आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में सोमवार की सुबह हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। पथराव में दो दरोगा और एक सिपाही घायल हो गए। पुलिस की ओर से हिस्ट्रीशीटर समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजकमल बालियान ने बताया कि सोमवार की सुबह ग्राम मई बुजुर्ग निवासी हिस्ट्रीशीटर मनीष पुजारी पुत्र दौलतराम से पूछताछ (निगरानी) के लिए पुलिस टीम गांव गई थी। जहां मनीष पुजारी को पकड़ने पर उसके परिवार के लोग पुलिस टीम पर पथराव कर उसे छुड़ा लिया।
पथराव में उपनिरीक्षक सुनील कुमार तोमर, रोहित आर्या और सिपाही वेदवीर चोटिल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक मनीष पुजारी को नियमित निगरानी के लिए कई बार थाने पर बुलाया गया मगर वह नहीं आया। इस पर पूछताछ के लिए पुलिस टीम उसके गांव गई थी। जहां पुलिस पर हमला कर दिया गया। उक्त मामले में पुलिस ने मनीष पुजारी, उसके भाई, भतीजे, मां समेत नौ लोगों को नामजद किया है।