शहर में बाइकर्स गैंग ताबड़तोड़ वारदात कर रहा है। सोमवार और मंगलवार के बाद बुधवार को भी बदमाशों ने शमसाबाद रोड पर महिला से मंगलसूत्र और चेन लूट ली। बदमाश वारदात के बाद शहीद नगर होते हुए भाग निकले।
महाराज का बाड़ा, लश्कर, ग्वालियर निवासी आलोक खटके परिवार सहित शहीद नगर में एक शादी समारोह में आए थे। वह एक होटल में रुके हैं। बुधवार दोपहर 2:15 बजे उनकी पत्नी मीना 15 वर्षीय बेटी के साथ चौधरी गार्डन से होटल जा रहीं थी। तभी शमसाबाद की ओर से आए काली पल्सर सवार दो बदमाशों में से बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मीना के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र और चेन लूट ली। मीना ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश शहीद नगर होते हुए भाग निकले। बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। मीना ने बदमाशों के पीछे दौड़ भी लगाई, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। उधर, आलोक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। तकरीबन एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बता दें, मंगलवार को भी बदमाशों ने कमला नगर में 30 मिनट में दो वारदात की थीं।
दो दिन पहले महिला से लूटा था मोबाइल
शहीद नगर चौकी के पास दो दिन पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल लूटा था। नीती बाग, ताजगंज निवासी नेहा पैदल घर जा रही थीं। तभी पीछे से आए बदमाशों ने उनके हाथ में लगा मोबाइल लूट लिया। बदमाश पुलिस चौकी के सामने से भागे। नेहा ने उनके पीछे दौड़ लगाई। एक बदमाश का कॉलर भी पकड़ लिया, लेकिन वह उसे धक्का देकर भाग निकले। पीड़ित ने थाना सदर में तहरीर दी है।