गांव चैंकोरा के समीप शनिवार दोपहर करीब दो बजे हुए सड़क हादसे में स्कूल बस सवार 25 छात्रों में से दो छात्रों की मौत हो गई जबकि 12 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रक ड्राइवर की गलती से हुआ। वह बस को ओवरटेक करने में लगा थ। तभी ट्रक , बस से पीछे से जा टकराया। बस असंतुलित होकर सड़क किनारे के गड्ढे में जा गिरी। वहां पुलिया पर बैठा एक बच्चा इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। उधर, ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
बस जैंगारा स्थित श्रीमती श्रीदेवी आवासीय विद्यालय की है। छुट्टी के बाद सबसे पहले नजदीक के गांव चैंकोरा के लिए ले जा रही थी। स्कूल से 500 मीटर दूर ही चली थी। ड्राइवर ने गांव की ओर बस को मोड़ा ही था। तभी पीछे से ट्रक की जोर से टक्कर लगी। ट्रक की रफ्तार तेज थी। इसका ड्राइवर बस को ओवरटेक करके आगे निकलने की कोशिश में था।
इसी चक्कर में यह हादसा हुआ। बस असंतुलित होकर पलटी खाते हुए गड्ढे में जा गिरी। बच्चों की चीखें सुन आस पास से आए ग्रामीणों ने घायलों को किसी तरह बाहर निकाला।
उनकी सूचना पर पहुंचे स्कूल चेयरमेन ब्रजेश चाहर गंभीर रूप से घायल 12 छात्रों को अपनी गाड़ी से एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए। कक्षा छह की छात्रा अन्नू (11) पुत्री अनिल कुमार निवासी नगला बीच थाना मलपुरा और कक्षा सात के सुशील सिंह (12) पुत्र महेश चाहर निवासी बसैया बोबला थाना कागारौल की मौत हो गई।
यह हुए घायल पुष्पेंद्र (12) पुत्र शिव सिंह निवासी मुड़ी, नगला छब्बा निवासी विष्णु (16) पुत्र संतोष, शिवम (13) पुत्र वेद प्रकाश, प्रियंका (12) और यश्वेंद्र पुत्र राजवीर और अंशु का उपचार चल रहा है। उधर, मृतक छात्रों के परिवारीजनों के आग्रह पर पुलिस ने उनके शव बगैर पोस्टमार्टम कराए उन्हें सौंप दिए।
अभिभावकों ने जताया रोष
फतेहपुर सीकरी/किरावली। श्रीमती श्रीदेवी आवासीय विद्यालय की बस दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अभिभावकों ने आक्रोश जताया है। अभिभावक पुष्पेंद्र चाहर, बंटू चाहर, सत्यवीर सिंह, संतोष कुमार आदि ने कहा कि स्कूल बसों को चालक लापरवाही से चलाते हैं। बीच रोड पर बस खड़ी करके बच्चों को उतारते हैं। पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। वहीं, किरावली में बाईपास चौराहा पर रोड किनारे खड़े डग्गामार वाहनों को क्षेत्राधिकारी अछनेरा सतीश कुमार शर्मा ने हटवाया। उन्होंने कहा कि डग्गामार वाहन इस तरह खड़े होने से हादसे होते हैं।