फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आसाराम समर्थकों का अमर उजाला कार्यालय पर हमला

Wed, 30 Sep 2015 01:53 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला अागरा
विज्ञापन
विज्ञापन
आसाराम बापू के लगभग दो दर्जन समर्थकों ने गुरुद्वारा गुरु का ताल स्थित अमर उजाला कार्यालय में मंगलवार की शाम को हमला बोल दिया। सिक्योरिटी गार्डों को धक्का देकर अंदर पहुंचे लोगों ने आते ही गाली गलौज और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कंप्यूटर और फोन फेंक दिए। विरोध करने पर संपादकीय विभाग के रिपोर्टरों के साथ मारपीट कर दी। गार्डों को पीटा। इसकी सूचना मिलने पर सिकंदरा थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने दो हमलावरों को मौके से पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
विज्ञापन

अमर उजाला कार्यालय में शाम तकरीबन सात बजे 15-20 युवक मुख्य द्वार पर पहुंचे। उन्होंने संपादकीय विभाग में बातचीत कराने को कहा। इस पर सिक्योरिटी गार्ड ने दो लोगों को अंदर जाने को कहा। इस पर युवकों ने गेट पर तैनात दो गार्डों को धक्का दिया और रिसेप्शन काउंटर तक पहुंच गए। उन्होंने चीफ रिपोर्टर चंद्रमोहन शर्मा से बात कराने को कहा। इस पर संपादकीय से  चंद्रमोहन रिसेप्शन पर पहुंचे। तभी आसाराम समर्थकों ने गाली गलौज करते हुए कहा कि अखबार वाले आसाराम बापू के खिलाफ बहुत लिखते हैं। आज तुम लोगों को सबक सिखाते हैं। इतना कहकर लोगों ने कंप्यूटर और टेलीफोन फेंक दिया। अखबारों को फाड़कर फेंका। कुछ लोगों के हाथों में लाठी, हाकी और सरिया थे। जब इसका विरोध किया तो उन आसाराम समर्थक हमलावर हो गए। उन्होंने न केवल चंद्रमोहन शर्मा का गला दबाने का प्रयास किया। उन्होंने हिमांशु बघेल और साथी पत्रकार राजीव शर्मा, धर्मेंद्र और आशीष के साथ मारपीट की। इन लोगों को चोटें आईं। जब गार्डों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो गार्डों को भी पीट दिया। इसके बाद हमलावर आसाराम बापू के नारे लगाते हुए भागने लगे। तब तक दो हमलावरों को पकड़ लिया गया था। इसकी सूचना सिकंदरा थाने को दी गई। इस पर इंस्पेक्टर सिकंदरा हरीमोहन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पकड़े गए हमलावरों में डिफेंस स्टेट, सदर निवासी देवेश पुत्र विशंभरदयाल और नेहरू एन्क्लेव सदर निवासी हरिओम पुत्र कुंवरसेन हैं। पुलिस उनके फरार साथियों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। घटना के संबंध में हिमांशु बघेल ने थाना सिकंदरा में हमलावरों के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़, मारपीट, जानलेवा हमले की तहरीर दी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें