बेवर (मैनपुरी)। क्षेत्र के गांव लोधीपुर में कुछ लोगों ने खड़ंजा उखाड़ दिया। विरोध करने पर पहुंचे प्रधान से मारपीट करने पर उतारू हो गए। उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए भगा दिया गया। प्रधान ने घटना की तहरीर थाने में दे दी है। वहीं बीडीओ से भी शिकायत की है।
ग्रामसभा नगला देवी के ग्राम प्रधान प्रताप सिंह की गांव लोधीपुर निवासी कुछ लोगों से चुनाव की रंजिश चल रही है। मंगलवार को गांव लोधीपुर में लाखन के घर के सामने पुराना खड़ंजा उखाड़े जाने की सूचना पर ग्राम प्रधान पहुंचे । प्रधान की मानें तो विपक्षी खड़ंजा उखाड़ रहे थे।
मना करने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। कुछ असलाह लेकर भी पहुंच गए। उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर वहां से भागकर प्रधान ने अपनी जान बचाई। ग्राम प्रधान ने बीडीओ जुगेंद्र सिंह से शिकायत की।
बीडीओ ने थाना प्रभारी से बात कर मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। ग्राम प्रधान ने बताया कि आरोपी पक्ष उनसे चुनाव की रंजिश मानते हैं। पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।