भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के आलीपुर खेड़ा निवासी और भाजपा नेता का बेटा 31 अक्तूबर को घर से आगरा हास्टल के लिए निकला था, तभी से उसका कुछ पता नहीं है। भाजपा नेता ने पुत्र के अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियोग दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना भोगांव क्षेत्र चौकी क्षेत्र के गांव आलीपुर खेड़ा निवासी अंबरीश पांडेय का पुत्र प्रांशू पांडेय (20) आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र स्थित देव इंस्टीट्यूट आफ एजूकेशन में पालीटेक्निक का छात्र है। वह आगरा में हास्टल में रहता है। 31 अक्तूबर को वह घर आया था। कपडे़ लेने के बाद वह हॉस्टल जाने की बात कह कर चला गया।
अगले दिन जब परिवारीजनों ने उसे फोन किया, तो जानकारी मिली की वह हास्टल नहीं पहुंचा। अनहोनी की आशंका के चलते परिवारीजनों ने तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदार दोस्तों आदि से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी प्रांशू के बारे में कुछ बता नहीं सका। शुक्रवार सुबह भाजपा नेता ने थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अपहरण किए जाने की आशंका भी व्यक्त की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।