मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव रूपपुर में शुक्रवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालीजन विवाहिता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
फर्रुखाबाद के गांव दनियापुर हीरामन निवासी तिलक सिंह ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पुत्री पूजा (20) की शादी थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव रूपपुर निवासी कृपाल सिंह के साथ की थी। शुक्रवार को पूजा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष के लोग भी आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुत्री की करंट लगाकर हत्या की गई है।
ससुरालीजन दहेज की मांग करते हुए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। घटना के बाद पति व अन्य ससुरालीजन भी भाग गए। पुलिस ने मृतका के भाई प्रदीप की तहरीर पर पति कृपाल सिंह, देवर अहलकार और सास के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।