होटल मालिक और ग्राहक के बीच हुए झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : amar ujala
किशनी (मैनपुरी)। सोमवार की रात थाने से 200 मीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल पर दबंगों ने गुंडागर्दी और मारपीट की। होटल संचालक के विरोध पर हथियार दिखाकर गोलक और होटल में रखे 24 हजार रुपये लूटकर भाग गए। समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
ग्वालियर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बस स्टैंड के पास नगर के सदर बाजार निवासी सुनील सैनी का होटल है। सोमवार की रात उनके बेटे पंकज सैनी से किसी बात को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो थी। इसके बाद युवक वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद कई युवक होटल पर आए और मारपीट करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान उन्होंने गोलक में रखे चार हजार रुपये व होटल में रखे बीस हजार रुपये हथियार दिखाकर लूट लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पंकज सैनी ने बताया कि आरोपी पहले भी खाने के रुपये मांगने पर मारपीट कर चुके हैं। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
मंगलवार की शाम तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। इस संबंध में सीओ भोगांव का कहना है कि यदि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है तो इसका कारण थाना प्रभारी से पूछा जाएगा। वहीं, आरोपियों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई की जाएगी।