फिरोजाबाद/खैरगढ़। थाना खैरगढ़ के गांव नगला घनश्याम में मंगलवार को राशन की दुकान के आवंटन को लेकर बुलाई गई खुली बैठक में दो पक्षों में लाठी डंडे चलने के पथराव होने से भगदड़ मच गई। इसके चलते चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुची पुलिस का देख दोनो पक्षो के लोग भाग निकले। थानाध्यक्ष ने तहरीर आने पर कार्रवाई की बात कही है।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला घनश्याम के पंचायत घर में मगलवार को राशन की दुकान के आवंटन की प्रक्रिया एडीओ पंचायत और सचिव सुनील कुमार के नेतृत्व में चल रही थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात था।
नगला घनश्याम से ही लाखन सिंह एवं जरौली से विनय यादव ने राशन की दुकान के लिए दावेदारी की थी। मतदाताओं की काउंटिंग के दौरान लाखभनन सिंह के पक्ष में अधिक मतदान होता देख विनय पक्ष ने विरोध करना शुरु किया तो विवाद हो गया।
देखते ही देखते पुलिस बल की मौजूदगी में दोनो पक्षों में लाठी डंडों के साथ ही पथराव शुरू हो गया। पथराव होते ही खुली बैठक में भगदड़द मच गई। हंगामा होते ही पंचायत घर पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाल कर दोनो पक्षों को खदेड़ा।
पथराव में जरौली निवासी जितेंद्रपाल एवं अंकित, नगला घनश्याम निवासी प्रेमचंद्र एवं रामनिवास घायल हो गए। पुलिस ने जितेंद्रपाल,प्रेमचंद्र एवं रामनिवास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक थाना खैरगढ़ ने कहा कि नगला घन श्याम में राशन की दुकान को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।