मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार निवासी दंपति पर शुक्रवार रात आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने युवक को सैफई भेज दिया। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है।
गोला बाजार कालोनी निवासी संजय (22) पत्नी स्नेहलता के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 10:30 बजे घर में घुसकर आरोपियों ने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दंपति संभल नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खुद को घिरता देख आरोपी छत के रास्ते कूदकर भाग निकले। आनन-फानन में दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। संजय को सैफई रेफर कर दिया। घटना के पीछे जमीन की रंजिश बताई जा रही है।
हालांकि कोई भी स्थानीय व्यक्ति आरोपियों का नाम बताने को तैयार नहीं हुआ। कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अभी कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।