कुरावली (मैनपुरी)। मोहल्ला सुजरई की रहने वाली एक विधवा की संदिग्ध परिस्थिति में जलने से मौत हो गई। झुलसी अवस्था में मंगलवार की रात उसे जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया था। मायके वालों ने जला कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुजरई निवासी ज्योत्सना मिश्रा (32) के पति सचिन मिश्र की दो वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। ज्योत्सना का एक 12 वर्षीय पुत्र भी है। उसका आए दिन ससुराल के लोगों से विवाद होता रहता था। जिसकी शिकायत महिला द्वारा कई बार थाने में भी की जा चुकी थी।
मंगलवार की रात ज्योत्सना की मां और पुत्र थाने पहुंचा और उसे जला देने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसी ज्योत्सना को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उसे सैफई भेजा गया। जहां बुधवार की सुबह करीब चार बजे विधवा की मौत हो गई।
सैफई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि कई बार पुत्री ने थाने में ससुरालीजनों की शिकायत की थी। फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो शायद ज्योत्सना की जान बच सकती थी।
थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।