आगरा। रेल हादसों से जहां पूरा महकमा सहमा हुआ है, वहीं रेलवे ट्रैकों की सुरक्षा में लगे कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं है। सिटी स्टेशन स्थित टनल में ट्रैक के निरीक्षण के दौरान तीन लोगों ने पेट्रोलमैन जितेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया, हालांकि वह बाल बाल बच गया। रेलवे कर्मी का कहना है कि उक्त हमलावर ट्रैक से छेड़खानी की कोशिश में थे। जीआरपी का कहना है कि हमले के बाद एक विक्षिप्त युवक को पकड़ा था, बाद में छोड़ दिया।
सिटी स्टेशन स्थित लंबी टनल में अंधेरा रहता है। पेट्रोलमैन जितेंद्र ने रेलवे अधिकारियों को दी शिकायत में कहा है कि 20 अगस्त की रात्रि को ड्यूटी के दौरान वह ट्रैक चेक कर रहा था। इसी दरम्यान एक व्यक्ति ट्रैक पर कुछ करता हुआ दिखाई दिया। उसके शोर मचाने पर वह व्यक्ति भागने लगा।
उसने पीछा किया तो उस व्यक्ति के दो अन्य साथी भी मौके पर आ गए। उन्होंने मारपीट की और चाकू से वार किया, जोकि उसके हाथ पर लगा। घटना की सूचना सिटी स्टेशन की जीआरपी को दी। जीआरपी कर्मियों ने एक हमलावर को पकड़ा मगर बाद में छोड़ दिया। इस संबंध में एसओ जीआरपी मणिकांत शर्मा का कहना है कि ट्रैक से छेड़खानी की बात ठीक नहीं है। रेलवे कर्मी ने इसकी शिकायत जीआरपी में नहीं दी है। हमने पूछताछ के लिए बुलाया मगर वह नहीं आया है। जिस व्यक्ति को पेट्रोलमैन ने पकड़ा था वह विक्षिप्त था।
ट्रैक से छेड़खानी की सनसनी के बाद जांच पड़ताल
रेलवे ट्रैक से छेड़खानी की शिकायत की खबर के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने सिटी स्टेशन पर पूरी टनल के ट्रैक को चेक किया मगर कहीं कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई। इस संबंध में डीसीएम संचित त्यागी का कहना है कि रेलवे कर्मी के साथ मारपीट हुई थी। जांच कराई जा रही है।