किशनी (मैनपुरी)। विक्रमपुर गांव में एक मकान का लिंटर डाल रहे इटावा निवासी मजदूर के सिर पर मिक्सर गिरने से उसकी मौके मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इटावा के गांव कर्री बीना निवासी 50 वर्षीय सुरेशचंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
वह थाना किशनी क्षेत्र के गांव विक्रमपुर में कायम सिंह के घर में काम कर रहा था। शुक्रवार को लिंटर डाले जाने का काम चल रहा था। गांव निवासी जनमेद की मिक्सर मशीन वहां लगी हुई थी। शाम करीब 5:30 बजे अचानक मशीन टूटकर नीचे खड़े सुरेशचंद्र के सिर पर आ गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक हुए इस हादसे के बाद वहां चल रहा निर्माण कार्य रुक गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों का कहना था कि हादसे की जानकारी उन्हें काफी देर बाद दी गई। कहा कि लापरवाही के चलते हादसा हुआ है, परिजन गांव निवासी जनमेद पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।