दन्नाहार (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव दरबाह निवासी भट्ठा मजदूर की हत्या के बाद से गांव में सांप्रदायिक माहौल मंगलवार को कुछ शांत हुआ है। दहशत के चलते घर में ताले डालकर गए कुछ लोग घर वापस लौट आए हैं।
एएसपी के निर्देश पर आरेापी के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात की गई है। मंगलवार सुबह एसडीएम घिरोर ने भी स्थिति का जायजा लिया है।
उल्लेखनीय है कि थाना क्षेत्र के गांव दरबाह निवासी इरमान पुत्र इंसाफ की चार दिन पूर्व गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई है। हत्याकांड में गैर संप्रदाय के आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है। वहीं घटना के बाद से ही लगातार गांव दरबाह में तनाव का माहौल बरकरार है।
रविवार को पकडे़ गए आरोपी से मिलने जाते समय आरोपी के भाई को पथराव कर घायल कर दिया गया था। वहीं सोमवार को आरोपी पक्ष के लोगों के घर के समीप रह रहे कुम्हार परिवार के लोगों को खदेड़ दिया
गया था। गांव में तनाव के माहौल के बीच एएसपी ओमप्रकाश सिंह के निर्देश पर गांव में माहौल सामान्य किए जाने को लेकर पीएसी तैनात कर दी गई है। आरोपी के घर के बाहर भी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
मंगलवार को तनाव की स्थिति में सुधार हुआ। जिसके चलते घरों में ताले लगाकर गए कुम्हार परिवार के लोग घर वापस लौट आए। हालात सामान्य रहे तो उन्हाेंने घर के बाहर भूखे प्यासे बंधे पशुओं को चारा भी खिलाया। एएसपी ने बताया कि स्थिति सामान्य है सभी लोग घर पर हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है।
उधर मंगलवार सुबह एसडीएम घिरोर देवेंद्र कुमार ने भी गांव दरबाह पहुंच कर जायजा लिया। ग्रामीणों से बात कर स्थिति के बारे में जानकारी ली।