मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सामाजिक संस्था के कार्यालय में घुसकर कुछ लोगों ने प्रबंधक और कर्मियों के साथ मारपीट की। दफ्तर में तोड़फोड़ के साथ चेन, मोबाइल व सरकारी दस्तावेज लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाग रहे तीन हमलावरों को पकड़ लिया।
विवाद की वजह एनजीओ में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी बताई जा रही है। पकडे़ गए लोगों उसके ससुर व पति भी शामिल हैं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बालाजी पुरम में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के तहत एचआईवी/एड्स के प्रति जागरुकता के लिए सृजन फाउंडेशन की सामाजिक संस्था संचालित की जा रही है।
शुक्रवार को प्रबंधक दीप नारायण पांडेय कर्मचारियों के साथ कार्यालय में मौजूद थे। तभी दन्नाहार क्षेत्र के गांव जसवंतपुर के करीब 20 लोग बोलेरो और बाइकों से वहां पहुंचे। इन लोगों ने कार्यालय पहुंचते ही प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आरोप है कि इन लोगों ने महिलाकर्मी सीमा यादव के गले मेें पड़ी सोने की चेन दफ्तर से 20 हजार रुपये और अभिलेख लूट लिए। दफ्तर में बवाल की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भागते समय विवेक उर्फ रिंकू, हृदयराम और एक अन्य युवक वीके को पकड़ लिया। भागते समय विवेक लोहे के एंगल में पैर फंस जाने से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसका उपचार कराया।
प्रबंधक दीप नारायण ने बताया कि विवेक की पत्नी सीमा संस्था में कार्यरत हैं। गुरुवार को भी इन लोगों ने मारपीट व तोड़फोड़ की थी। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। शुक्रवार को फिर दफ्तर में घुस आए और मारपीट, तोड़फोड़ व लूटपाट की। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि महिलाकर्मी का पति व ससुरालीजनों से विवाद चल रहा है। प्रबंधक की तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।