मैनपुरी। घर से कोचिंग के लिए निकली शहर की एक और किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार को लापता हो गई। पूरा परिवार उसकी खोजबीन में रातभर जुटा रहा। पर, घटना के 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। वहीं आठ दिन में एक ही तरह से शहर तीन किशोरियों के लापता होने से दहशत है।
देवी रोड निवासी एक किशोरी देहात क्षेत्र के एक इंटर कालेज में 11वीं की छात्रा है। वह स्टेशन रोड पर कोचिंग करने आती है। रविवार की शाम चार बजे वह घर से कोचिंग करने के लिए आई। जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोचिंग संचालक ने बताया कि छात्रा कोचिंग आई ही नहीं थी।
महीने में वह बिना बताए दो चार बार कोचिंग नहीं आती थी। पूछने पर खुद अथवा परिवारीजनों के बीमार होने की बात बताती थी। परिवारीजन उसकी संभावित स्थानों पर तलाश कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने किशोरी के गायब होने के संबंध में थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।
बता दें कि शनिवार को करहल रोड की रहने वाली किशोरी और इससे पहले 30 जुलाई को ज्योंती रोड की किशोरी भी घर से कोचिंग करने निकलीं और लापता हो गईं। घरवाले बहला फुसलाकर ले जाने की आशंका जता रहे हैं।
मामले में एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है अलग अलग तीन किशोरियों के गायब होने के संबंध में परिवारीजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।