वृंदावन (मथुरा)। रंगजी पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करने वाले युवक को ही सिपाही ने पीटकर घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने युवक की शिकायत पर सिपाही के निलंबन की संस्तुति सहित रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी है।
रंगजी मंदिर क्षेत्र में रहने वाले रवि गोस्वामी मंदिर के पश्चिमी गेट पर कार पार्किंग चलाता है। आरोप है कि मंगलवार की देर रात करीब 10.30 बजे एक युवक वहां आकर शराब बेचने लगा।
मना करने पर वह उससे भिड़ गया। जान से मारने की धमकी दी। रवि ने इसकी शिकायत रंगजी पुलिस चौकी पर की।
इस पर सिपाहियों ने रवि को ही पकड़ लिया और झूठी खबर देने का आरोप लगाते हुए चौकी ले गए और उसे ही शराब बिक्री में जेल भेजने की धमकी दी।
विरोध करने पर विशम्भर नामक सिपाही ने चौकी प्रभारी के सामने ही उसकी डंडों से पिटाई कर दी। इससे सिर से खून बहने लगा।
रवि द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर कोतवाली प्रभारी ने सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही हेतु अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पायल ने बताया कि पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर जांच की जा रही है।