मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में भांवत चौराहा के समीप मंगलवार दोपहर बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। इसके बाद लोगों ने बाइक सवार युवक की खूब पिटाई कर दी। इसी बीच एक कार में सवार होकर आए कुछ लोगों ने युवक को जबरिया गाड़ी में डालकर अगवा करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित को थाने ले गई। पीड़ित ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खीजा निवासी एक युवक मंगलवार दोपहर को बाइक से भांवत चौराहा मार्ग पर जा रहा था। इसी बीच उसकी बाइक एक स्कूटी टकरा गई। हादसे में दोनों ही वाहनों पर सवार लोग घायल हो गए। इस दौरान स्कूटी सवार युवक ने फोन कर साथियों को बुला लिया। युवकों ने वहां आते ही बाइक सवार से मारपीट करना शुरू कर दिया।
समीप ही चौकी पर सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर रवाना हो गए। इस बीच एक कार में सवार होकर आए कुछ लोगों ने युवक को गाड़ी में खींच कर अगवा करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस मौके से घायल युवक को थाने ले गई। वहां पीड़ित ने कोई कार्रवाई न करने की बात कही।
युवक बिना तहरीर दिए ही वापस चला गया। वहीं, इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिसकर्मियों को भेजा गया था। कुछ लोग युवक के साथ मारपीट कर कार में डालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को देखकर भाग गए। पीड़ित ने कोई भी कार्रवाई न करने की बात कही वहीं कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।
थाना भोगांव क्षेत्र मं गांव देवीपुर के समीप शिक्षक दंपति से लूट के मामले में बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी एसपी से मिले। पदाधिकारियों ने एसपी से शिक्षक ग्रीश चंद्र राजपूत व पत्नी किरन के साथ हुई लूट की घटना के जल्द खुलासे की मांग की।
कहा कि प्रतिदिन कई शिक्षक अकेले ही स्कूल पढ़ाने जाते हैं। इस तरह की घटनाओं के बाद उनमें दहशत का माहौल बन गया है। एसपी राजेश एस ने पदाधिकारियों को बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। इस मौके पर संरक्षक रघुवीर यादव, कार्यवाहक अध्यक्ष प्रणवीर यादव, कोषाध्यक्ष रामपाल सिंह, संयुक्त मंत्री सुभाष, मंत्री राजेश पांडेय आदि शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे।