बेवर (मैनपुरी)। गांव टिकुरी में अवैध शराब के चलते लगातार हो रही मौत और पुलिस के कार्रवाई न करने से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को थाने का घेराव किया। लोगों का आक्रोश देख थाना पुलिस ने गांव टिकुरी में दबिश दी। इसके बाद वहां अवैध रूप से शराब बेच रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
थाना क्षेत्र के गांव टिकुरी में दो सालों से अवैध शराब का कारोबार तेजी से बढ़ा है। क्षेत्र में बनने वाली यूरिया मिश्रित शराब को पीने से गांव के तीन लोगों की मौत हो चुकी है। एक व्यक्ति जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। कई बार ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत कर कारोबार को जड़ से खत्म किए जाने की मांग रखी मगर कुछ भी नहीं हुआ। गुरुवार शाम को एकत्रित होकर ग्रामीण थाने पहुंच गए। महिलाओं व पुरुषों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शराब बेच रहे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। जनता का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस ने गांव में दबिश देकर शराब बेच रही गुड्डी देवी, श्यामा देवी, वीरभान और हरवीर उर्फ गांधी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सभी को जेल भेज दिया है।
गांव टिकुरी में यूरिया मिश्रित शराब पीने से एक वर्ष पूर्व गांव के रामप्रकाश की नाले में गिरकर मौत हो गई थी। गांव निवासी दलवीर नशे का आदि हो चुका था। इस लत ने उसका सब कुछ तबाह कर दिया था। डिप्रेशन में आकर उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। एक वर्ष पूर्व ही गांव निवासी रामवीर जो शराब पीकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया था। ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई थी। वहीं गांव के अलकेश (35) की हालत शराब की लत की वजह से इस कदर बिगड़ चुकी है कि सैफई से चिकित्सकों ने उन्हें घर वापस भेज दिया है। कभी भी अलकेश की मौत हो सकती है। इसके अलावा भी गांव में शराब पीने से दो अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। इसके चलते आक्रोशित लोगों ने गुरुवार शाम को बेवर थाने का घेराव किया। लोगों का आक्रोश देख एसओ बेवर ने गांव टिकुरी में दबिश दी थी। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण अवतार सिंह ने बताया कि अवैध शराब का काम किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा बताई गई महिला की भी तलाश की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।