बेवर (मैनपुरी)। क्षेत्र के एक गांव की छह वर्षीय बालिका के साथ वृद्ध ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसने पैसे देने का लालच देकर बालिका को घर में बुलाकर यह बदनीयती की थी। लोगों ने वृद्ध को पकड़कर उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
यह 65 वर्षीय वृद्ध घर में अकेला था। रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे उसके पड़ोस में रहने वाली छह वर्षीय बालिका अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी वृद्ध ने पैसे देने का लालच देकर उसे घर में बुलाया और दरवाजा बंद कर लिया। इस बीच एक अन्य बालिका भी घर में जाने के लिए दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगी।
नहीं खोलने पर वह आसपास जाकर लोगों को बताने लगे। यह सुनकर लोग जुट गए। ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाकर बालिका को बाहर निकाला। उसकी हालत देख आक्रोशित हुए लोगों ने वृद्ध को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह पीलवाल ने बताया कि बच्ची का मेडिकल कराया गया है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।