बेवर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेवर-कुसमरा मार्ग स्थित गांव कूंडी क्षेत्र में ईशन नदी पुल के पास एक युवक का शव पेड़ पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की। शव की शिनाख्त कायमगंज क्षेत्र के गांव आदियाना निवासी युवक के रूप में हुई। कूंडी गांव के लोगों ने ईशन नदी किनारे शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे युवक का शव पेड़ पर लटका देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो पेंट की जेब से तीन हजार रुपये, एक शराब का क्वार्टर तथा दो मोबाइल मिले। पास में रखे बैग में एक आधार कार्ड की फोटो प्रति मिली। पुलिस ने बरामद मोबाइल से नंबर हासिल कर युवक की मौत की जानकारी परिजनों को दी।
सूचना मिलने के बाद युवक के बहनोई श्रीपाल सिंह अपने पुत्र राजीवर निवासी ढकाह जलालाबाद के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त संदीप कुमार (31) निवासी आदियाना कायमगंज जिला फर्रूखाबाद के रूप में की। युवक की मौत के बारे में परिजन कोई जानकारी नहीं दे सके। युवक यहां कैसे पहुंचा इस बारे में भी परिजन कोई जानकारी नहीं दे सके। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह पीलवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।