फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार की टक्कर से छात्र की मौत

Sat, 07 Apr 2018 11:06 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
छात्र की मौत के बाद जाम लगाते लोग। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
स्कूल जा रहे कक्षा तीन के छात्र को बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अनियंत्रित कार थोड़ी दूर आगे जाने के बाद दीवार से टकराकर पलट गई। इससे उसमें सवार चालक समेत चार लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई व मदद की मांग को लेकर जाम लगा दिया। इस बीच कुछ शरारती तत्वों ने कार को सीधा करने के बाद क्षतिग्रस्त कर दिया। कार में रखे सामान उठा ले गए। सूचना के बाद भी विलंब से पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में नहीं लिया।
विज्ञापन


पट्टी कोतवाली के गड़ौरी निवासी गिरीशचंद्र विश्वकर्मा का बेटा अमन विश्वकर्मा (11) गांव के ही डीसेंट पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार की सुबह वह स्कूल जाने के लिए अपने छोटे भाई शिवम व बहन दीपिका के साथ घर से निकला था। वह भाई बहन से आगे निकल गया। स्कूल जाने के लिए बच्चों को सड़क पार करनी थी। सड़क पर डंफर खड़ा था। जिसके पीछे से अमन सड़क पार करने लगा।

तभी पट्टी की ओर से रानीगंज जा रही बेकाबू कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग रहा था। करीब पांच सौ मीटर दूर जाने के बाद वह नियंत्रण खो बैठा। जिससे कार सड़क के किनारे दीवार से टकराने के बाद पलट गई। उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। इससे चालक समेत कार में सवार चार लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से पट्टी सीचएसी भेजा। दूसरी ओर अमन की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। जाम की खबर मिलने पर नायब तहसीलदार पट्टी व कोतवाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों व परिजनों की बातों को सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि उनकी हरसंभव आर्थिक मदद की जाएगी। इसके बाद जाकर जाम समाप्त हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच दुर्घटना करने वाली कार पलटने की खबर मिली तो कुछ शरारतीतत्व वहां पहुंच गए। उन लोगों ने कार को सीधा करने के बाद पथराव कर तोड़फोड़ की। आरोप है कि कार से टेपरिकार्डर, स्टेपनी, डिग्गी में रखे सामान, महिलाओं के पर्स, बैट्री चुरा ले गए। सूचना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची।

15 फिट हवा में उछला था अमन
स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रहा अमन कार की टक्कर लगने के बाद हवा में 15 फिट ऊपर उछला था। सिर के बल सीधे सड़क पर गिरा। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। छोटा भाई शिवम व बहन दीपिका यह देख चिल्लाने लगीं। दोनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े। हालांकि तब तक देर हो चुकी थी। अमन की सांसें टूट चुकी थीं।

इलाज के लिए जा रहे थे कार सवार, हालत गंभीर
जनपद सुलतानपुर के चांदा थाना क्षेत्र के सेमरी खानपुर निवासी शिवशंकर सिंह (65) अपनी पत्नी जसवंता सिंह (55) का उपचार कराने के लिए इलाहाबाद जा रहे थे। उनके साथ बेटी साधना सिंह (20) व भतीजा कमल सिंह (32) पुत्र रामचरन भी था। कार गांव ही रामचरन मौर्य (29) पुत्र मंगरू मौर्य चला रहा था। हादसे में सभी घायल हो गए थे। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी को इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया।

लूटपाट करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस
दुर्घटना के बाद कार को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही लूटपाट करने वाले लोगों को अब पुलिस चिह्नित करने में जुट गई है। घटना की जानकारी के बाद विलंब से पहुंची पुलिस पहले तो घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद लौट गई, लेकिन बाद में कार में चोरी की खबर मिली तो फिर पहुंची और चोरी करने वालों को चिह्नित करने लगी।

होनहार था अमन, सभी की आंखें नम
गड़ौरी निवासी गिरीशचंद्र विश्वकर्मा भले ही बढ़ई का काम करते हैं, लेकिन बच्चों की परवरिश में कोई कमी नहीं रखी। अमन पढ़ने में तेज था। पढ़ाई में वह अव्वल आता था। इसलिए उसे स्कूल के शिक्षक व सहपाठी भी पसंद करते थे। पिता भी उसे अफसर बनाने का सपना देख रहे थे, लेकिन उनका सपना अधूरा रह गया। हादसे के बाद गिरीश यही कहते हुए रोते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें