आगरा। रिटायर्ड इंस्पेक्टर पूरन सिंह मेहरा का आरोप है कि सेवानिवृत्ति के छह महीने बाद भी उन्हें पेंशन नहीं मिली है। देयों का भुगतान नहीं किया गया है। शुक्रवार को एसएसपी आफिस में सीओ ने फाइल पर दस्तखत नहीं किए। इसको लेकर उनकी सीओ से कहासुनी हो गई।
पूरन सिंह 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। वह आगरा के कई थानों में प्रभारी निरीक्षक रह चुके हैं। अब परिवार सहित गाजियाबाद में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग को सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद उनकी पेंशन, पीएफ और अन्य देय की कागजी कार्रवाई पूरी कर लेनी चाहिए थी। मगर, अभी तक फाइलें अधूरी हैं। उनकी पेंशन तक नहीं बनी है। वह पुलिस आफिस के 20 से ज्यादा बार चक्कर लगा चुके हैं।
इसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार को भी आफिस आए तो कर्मचारी ने बताया कि फाइल पर एक सीओ के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। जब वह हस्ताक्षर कराने सीओ के पास गए तो उन्होंने अगले दिन आने के लिए बोल दिया। इसको लेकर उनकी सीओ से कहासुनी हो गई। यह देखकर भीड़ लग गई। पुलिस कर्मी भी आ गए। बाद में सीओ अपने कार्यालय से चले गए। पूरन सिंह का कहना है कि वह अब मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे।