मथुरा। भरतपुर-मथुरा मार्ग पर रविवार तड़के एक इनोवा बेकाबू होकर मकेरा पुलिया तोड़ते हुए रजबहा में पलट गई। हादसे में ड्राइवर समेत बरेली निवासी भाई-बहन के परिवार के दस लोगों की मौत हो गई।
हादसे का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे के वक्त दौड़ लगा रहे युवकों ने शोर मचाया तो ग्रामीण जुटे। आनन-फानन रजबहा का पानी रुकवाया गया। इसके बाद ही रजबहा से इनोवा और उसमें से शवों को निकाला जा सका।
बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र की राजीव कालोनी निवासी महेश शर्मा (45), पत्नी दीपिका (42), बेटी मांशी (20), खुशबू (19) और बेटे हार्दिक (15), रितिक (13) के साथ इनोवा से मेंहदीपुर बालाजी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
उनके साथ उनकी बहन उत्तराखंड के बिलासपुर निवासी पूनम (37), पत्नी जयकरन, उनका बेटा रोहन (20) व बेटी सुरभि (19) भी थे। इनोवा को हरीशचंद्र (25) निवासी बिछुरिया, बरेली चला रहा था। शनिवार की रात को करीब 11 बजे सभी लोग बरेली से चले थे।
रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे जब वे मकेरा गांव के समीप पहुंचे तभी झपकी आने से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और इनोवा पुलिया तोड़ते हुए फतेहपुर सीकरी रजबहा में जा गिरी। उस वक्त गांव के कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे।
इनोवा को नहर में गिरते देख उन्होंने शोर मचाया जिससे आसपास के ग्रामीण जुट गए लेकिन रहबहा में पानी का बहाव काफी तेज था। पहले पानी रुकवाया गया। फिर छह बजे गोताखोर नहर में उतरे। किसी तरह गाड़ी में से शवों को बाहर निकाला गया। ड्राइवर हरीशचंद्र का शव नहर में गाड़ी से बाहर थोड़ा आगे मिला।