मैनपुरी- घिरोर। गांव शाहजहांपुर में कारगिल शहीद के स्मारक पर लगे पौधों को दबंग लोगों ने उखाड़ दिया। विरोध करने पर झगड़े पर अमादा हो गए। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी शिवमंगल सिंह के भाई सत्यदेव सिंह यादव कारगिल में शहीद हो गए थे। गांव में उनका स्मारक बना हुआ है। उक्त स्मारक के पास ही एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ था, जिससे गांव के ही दबंग के यहां बिजली जाती थी।
आए दिन होने वाले फाल्ट के चलते उक्त ट्रांसफार्मर वहां से हटा लिया गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नामजद आरोपियों ने शहीद के स्मारक पर लगे पौधों को उखाड़ दिया। जब उनसे यह बात कही गई तो लड़ाई झगड़े पर उतारू हो गए। शहीद परिजनों ने दबंगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।