मैनपुरी। करहल चौराहा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। कार सवार लोग कैश के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया। अगर कैश के अभिलेख नहीं मिलते हैं तो कैश को कोषागार में जमा कराया जाएगा।
लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। इस दौरान परिवहन विभाग जहां वाहनों पर कार्रवाई कर रहा है तो वहीं उड़न दस्ते लगातार कैश व अन्य सामान को जब्त करने के लिए चेकिंग अभियान चला रहे हैं। रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान उड़न दस्ता द्वितीय मोहम्मद शाउद, एसआई उदय प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल दिनेश आजाद, उदयवीर और विवेक की टीम ने एक युवक से एटीएम पर कैश निकालने के दौरान पूछताछ की। युवक घबरा गया, उसने बताया कार में उसके अन्य साथी बैठे हुए हैं।
जब पुलिस ने कार में चेकिंग की तो करीब साढ़े तीन लाख का कैश बरामद हुआ। जब टीम ने कैश संबंधी अभिलेख मांगे तो तीनों युवक अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद उन्हें कोतवाली ले जाया गया। यहां एसडीएम रजनीकांत ने युवकों से बात की। ब्रजेश कुमार निवासी नगला भमी औंछा ने बताया कि उसने एक ट्रक खरीदा है। वह ट्रक के रुपये देने के लिए जा रहे थे। बीस हजार रुपये कम पड़ने पर एटीएम से निकलवाए थे, लेकिन ये जानकारी पुख्ता न होने के चलते उनसे पूछताछ जारी है। एसडीएम ने बताया कि अगर अभिलेख नहीं मिलते हैं तो इस कैश को कोषागार में जमा करा दिया जाएगा। जिसे चुनाव के बाद रिलीज किया जाएगा।
50 हजार रुपये हों तो साथ रखें अभिलेख
लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति 50 हजार से अधिक कैश लेकर जाता है तो उसे अभिलेख साथ रखना अनिवार्य है। इससे ये साबित हो सके कि कैश कहां से आया और किस प्रयोजन से ले जाया जा रहा है। जानकारी न देने पर कैश जब्त कर लिया जाएगा।
अगर युवक या उनके परिजन कैश के संबंध में दस्तावेज उपलब्ध करा देते हैं तो कैश को रिलीज कर दिया जाएगा। युवकों को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए मौका दिया गया है।
-रजनीकांत, एसडीएम सदर।