शिकोहाबाद। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव और उनके निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव उर्फ छोटू की हिस्ट्रीशीट गुरुवार को खुल गई। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने उनको नंबर प्रदान कर दिए। अब थाने में एचएस की सूची में विधायक का नाम 152ए और विजय प्रताप यादव का नाम 153ए की सूची पर चस्पा हो जाएगा।
बसपा सरकार में विधायक हरिओम यादव और उनके पुत्र विजय प्रताप यादव के खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज कराए थे। इसके अलावा कुछ अन्य रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। उस समय बसपा सरकार ने पिता-पुत्र पर शिकंजा कसा था, लेकिन वर्ष 2012 में सपा की सरकार आने के बाद उन्हें राहत मिली। वर्ष 2013 में 19 अप्रैल की रात सत्ता के दवाब में पुलिस अधिकारियों ने हिस्ट्रीशीट जला दी थी। लेकिन
एक माह पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय द्वारा थाने का वार्षिक निरीक्षण के दौरान मामला सामने आया था। इसके बाद मामले की जांच कराई गई। जिसके बाद हिस्ट्रीशीट को अनैतिक रूप से समाप्त करना पाया गया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दोनों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। गुरुवार को हिस्ट्रीशीट खुली और शुक्रवार को उन्हें नंबर दिए गए। जिसमें हरिओम यादव को 107 ए के स्थान पर 152 ए और 109 ए के स्थान पर विजय प्रताप यादव उर्फ छोटू को 153 ए नंबर पर नाम थाने में लगी एचएस सूची में अंकित हो जाएंगे।
आज होंगे थाने की सूची में दर्ज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
अजय पांडेय ने बताया विधायक और उनके पुत्र के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोल दी है। उनको नंबर भी प्रदान कर दिए हैं। शनिवार को उनके नाम थाने पर लगे एचएस सूची वाली लिस्ट में अंकित करा दिए जाएंगे। जिसके बाद से थाने पर आने वाला प्रत्येक व्यक्ति दोनों पिता-पुत्र के नाम हिस्ट्रीशीट की सूची में देख सकता है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अब इस मामले में शीघ्र ही एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। जिसमें पुलिस विभाग के दो अधिकारी और कुछ कर्मचारी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।