मथुरा। बुधवार देर रात गांजे से भरे कंटेनर के हाईटेंशन लाइन से छू जाने के कारण आगरा के युवक अखिलेश पचौरी की मौत हो गई। जैंत चौकी क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान इस कंटेनर को पकड़ा था। चालक के मौके से भाग जाने के बाद पुलिस ने कंटेनर अखिलेश के हवाले कर चौकी पहुंचाने को कहा था।
रास्ते में बिजली की लाइन से कंटेनर के छू जाने से हादसा हो गया। सूचना पर पहुंचे युवक के परिवारीजनों ने चौकी में हंगामा किया और पुलिस पर बेटे को मारने का आरोप लगाया।
बुधवार रात करीब 12 बजे जैंत पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान दोना-पत्तल भरे एक कंटेनर को रुकवाया। तलाशी के दौरान इसमें बोरों में भरा गांजा मिला। पुलिस ने कंटेनर के परिचालक इलाहाबाद के गांव कपूर्रा निवासी कपिल यादव को पकड़ लिया, जबकि ड्राइवर जौनपुर के बादशाहपुर निवासी रिंकू यादव फरार हो गया।
ड्राइवर के भाग जाने के बाद पुलिस ने कंटेनर को चौकी पहुंचाने के लिए आगरा में खंदौली के गांव मल्लूपुरा निवासी अखिलेश पचौरी (33) पुत्र बनवारी को दे दिया। बताया जा रहा है कि अखिलेश भी चेकिंग के दौरान पुलिस के साथ था। अखिलेश कंटेनर को चलाकर जैंत चौकी ले जा रहा था।
चौकी के पास हाईटेंशन लाइन से कंटेनर छू गया, इससे अखिलेश पचौरी की मौत हो गई। पुलिस ने आननफानन में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब अखिलेश के परिवार वालों को पता चला तो वह चौकी पर पहुंच गए और हंगामा किया। इन लोगों का कहना है कि पुलिस ने उसे मारा है।
बड़ी डील के लिए पुलिस ने पकड़ा था कंटेनर
कहा जा रहा है कि पुलिस ने बड़ी डील के लिए कंटेनर को पकड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो सड़क पर ही सौदेबाजी होती रही, लेकिन जब बात नहीं बनी तो कंटेनर को चौकी ले जाने लगे। अखिलेश पचौरी को पुलिस वालों ने कंटेनर थमा दिया था। उससे कहा गया था कि कंटेनर को चौकी तक ले जाओ। पुलिस वाले को कंटेनर से दूर रहे जबकि अखिलेश को कंटेनर में चढ़ा दिया। सूत्रों का कहना है कि जिन पुलिस वालों ने कंटेनर को चेकिंग के लिए रोका था वह ड्यूटी पर भी नहीं थे।