अवागढ़ (एटा)। एका-अवागढ़ बॉर्डर स्थित फूटरिया नहर के पास शनिवार शाम छह बजे बाइक सवार चार बदमाशों ने सिंचाई विभाग के कर्मचारी बाइक सवार सुरेंद्र उर्फ शेरपाल (50) की गोलियां से भूनकर हत्या कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने यूपी-100 को कॉल की मगर फोन नहीं उठा। ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। पुलिस के नहीं पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। एसओ अवागढ़ ने बीस मिनट बाद जाम खुलवा कर शव पीएम के लिए भेजा है।
थाना सकरौली के गांव जरानी कलां निवासी सुरेन्द्र सिंचाई विभाग एटा में मेठ के पद पर तैनात थे। शनिवार शाम एटा कार्यालय में ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे। दो बाइक पर चार सवार बदमाश पीछा कर रहे थे।
देर शाम छह बजे एका-अवागढ़ थाना बार्डर स्थित फूटरिया नहर के पास पहुंचते ही बदमाशों ने ओवरटेक कर सुरेन्द्र को रोक लिया। दो बदमाशों ने सुरेन्द्र के हाथ पकड़े और दो बदमाशों ने गोलियों सेे भून दिया उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज पर पहुंचे ग्रामीणों ने यूपी-100 पुलिस को कॉल की मगर फोन नहीं उठा। ग्रामीणों ने बदमाशों को पीछा किया मगर बदमाश अवागढ़ की तरफ भाग गए। पुलिस के नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया।
सूचना पर एसओ अवागढ़ फोर्स के साथ पहुंच कर जाम खुलवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर यूपी-100 पुलिस की गाड़ी खड़ी रही, लेकिन मौके पर नहीं पहुंची। हत्या के पीछे वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। अस्पताल पहुंचे परिवारीजनों ने रंजिश से इनकार किया है।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
घटना के बाद अवागढ़, एका पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। कार्रवाई को लेकर एक-दूसरे के ऊपर टालते रहे। पुलिस की रवैये को परिवारीजनों में आक्रोश दिखा और शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।