मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में जेल चौराहे के समीप कार सवार तीन युवकों ने एक युवती की पिटाई की। फिर उसे खींचकर कार में बैठाकर ले भागे। स्थानीय लोगों ने कार रोकने की कोशिश की, तो उनकी बाइक में टक्कर मारी। अपहर्ता भोगांव की ओर निकल गए। सूचना पर एसपी ने भोगांव और बेवर में सघन चेकिंग करवाई। पर, खबर लिखे जाने तक युवती और अपहर्ताओं का कोई सुराग नहीं लगा था।
कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक मिश्र की जेल चौराहा के समीप ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान है। रविवार दोपहर को जब वह प्रतिष्ठान पर थे, तभी वहां एक वैगनआर कार वहां आकर रुकी। उसमें से एक युवक बाहर निकला तभी दूसरे दरवाजे से एक युवती ने निकलने का प्रयास किया। पर, कार में पीछे बैठे एक युवक ने युवती के साथ मारपीट करते हुए जबरिया कार में डाल लिया। दुकान पर बैठे लोग जब तक कुछ समझ पाते कार आगे चली गई थी।
दुकानदार अभिषेक व कुछ लोगों ने कार का पीछा कर उसे कुछ दूर पर ओवरटेक कर रोक लिया। देखा की कार में आगे बैठे दो युवक शराब पी रहे थे। जब उनसे युवती को जबरिया ले जाने की वजह पूछी तो चालक ने गाड़ी को तेजी के साथ भगा दिया। बाइकों को टक्कर मारती हुए कार भोगांव की ओर दौड़ गई।
बाइक सवारों ने थाना भोगांव क्षेत्र के रुई गांव तक पीछा किया। पर, तब तक कार सवार काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलने के बाद एसपी राजेश एस ने भोगांव और बेवर पुलिस को चेकिंग के निर्देश दिए। काफी देर पुलिस ने कार की तलाश में कांबिंग की मगर कार दोबारा मुख्य मार्ग पर नहीं आई।
एसपी राजेश एस ने बताया कि जानकारी होने के बाद सघनता के साथ चेकिंग कराई गई। कार के बारे में कुछ पता नहीं लग सका। फर्रुखाबाद पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है।