आगरा। नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई। कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
नगला बैनी प्रसाद गांधी नगर निवासी प्रवीन कुमार की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2016 में उसकी मुलाकात प्रतीक जयेश वीरा (शिवाजी पार्क, दादर, मुंबई) से हुई थी।
प्रतीक ने खुद को मुंबई की एक कंपनी में निदेशक बताया। आईटी कंपनी में नौकरी लगवाने का आश्वासन देकर मुंबई बुला लिया। एक कंपनी के एचआर से बात की और एक लाख रुपये मांगे। जुलाई में घर आकर नौकरी से संबंधित दस्तावेज पर हस्ताक्षर करा लिए। एक लाख रुपये भी ले लिए। मगर, नौकरी नहीं लगी। 15 सितंबर 2016 को रुपये मांगने पर चेक थमा दिया लेकिन बैंक में लगाने नहीं दिया।
इस कारण उसकी तिथि निकल गई। 28 जुलाई को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर प्रतीक और करन बोरा (मुंबई) के खिलाफ थाना हरीपर्वत में धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।