कुरावली (मैनपुरी)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि बाद में विवाहिता को उसके एक वर्षीय पुत्र के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित पिता ने मामले की तहरीर दी है।
मोहल्ला सुजरई निवासी अमर सिंह ने पुत्री पूजा का विवाह 25 अप्रैल 2013 को एटा के थाना कोतवाली देहात के गांव सरदलगढ़ निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुरालीजनों ने दहेज में कार की मांग को लेकर विवाहिता की पिटाई शुरू कर दी।
विज्ञापन
बाद में विवाहिता पर मिट्टी का तेल डालकर मारने की कोशिश की गई। आरोप है कि कामयाब न होने पर 14 अगस्त से 16 अगस्त तक विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की गई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना विवाहिता के मायके में दी। शुक्रवार को ससुराजलीजनों ने विवाहिता को कमरे में बंद करके मारपीट की।
इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर उसे जलाने की कोशिश की। पड़ोसियों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर विवाहिता को बचाया। इस पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। विवाहिता के पिता ने थाना कुरावली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कुरावली का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उसके बाद आरोपी ससुरालीजनों से पूछताछ की जाएगी।