मैनपुरी। पति की मार से क्षुब्ध गांव कोसमा निवासी महिला मंगलवार को ट्रेन के आगे कूदने जा रही थी तभी स्थानीय लोगों ने उसे रोक पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस महिला को थाने लाई वहां उसने बताया पति उसके साथ मारपीट करता है इसलिए वो परेशान होकर जान देने जा रही थी।
गांव कोसमा निवासी रजनी बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। पति को ये बात बुरी लगती है जिसके चलते वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। मंगलवार सुबह भी जब वह बच्चों को पढ़ा रही थी तो पति बंटू ने उसकी पिटाई कर दी।
जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ। गुस्से में रजनी ट्रेन से कटने के लिए शहर की तरह चली गई। सुबह किसी ने बिछिया तिराहा के समीप अकेली महिला को ट्रैक के आसपास घूमते देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो बताया कि वह खुदकुशी करना चाहती है। पुलिस उसे थाने ले आई जहां महिला ने बताया कि वह आए दिन पति की मारपीट व बच्चों के सामने अपमानित होने से परेशान आ चुकी है।